Nicotine | Vacuum | Seven Train Poems
When I can’t think of any way to fight the long day’s tyrants dictators assassins I look for nicotine
निकोटिन
अपने शरीर को रफ़्तार देने के लिए सुबह-सुबह मेरा रक्त निकोटिन को पुकारता है। अर्द्ध-निमीलित आँखें निकोटिन की उम्मीद में पूरी तरह खुल जाती हैं। अपने अस्तित्व और अतीत से यही आवाज़ आती है कि निकोटिन के कितने ही अनुभव तुम्हारे भीतर सोये हुए हैं। सुबह की हवा ख़ाली पेट ऊपर धुला हुआ आसमान जो अभी गंदा नहीं हुआ है। बचपन के उस पत्थर की याद जिस पर बैठ कर मैंने पहली बीड़ी सुलगायी थी और देह में दस्तक देता हुआ महीन मांसल निकोटिन। जीवन के पहले प्रेम जैसे स्पंदन और धुआँ उड़ाने के लिए सामने खुलती हुई दुनिया। डॉक्टर कई बार मना कर चुके हैं कि अब आपको दिल का ख़याल रखना ही होगा और मेरी बेटी बार-बार आकर गुस्से में मेरी सिगरेट बुझा देती है। लेकिन इससे क्या। मेरे सामने एक भयंकर दिन है और पिछले दिन की बुरी ख़बरें देख कर लगता है कि यह दिन भी कोई बेहतर नहीं होने जा रहा है और उससे लड़ने के लिए मैं सोचता हूँ मुझे निकोटिन चाहिए। मुझे पता है हिंदी का एक कवि असद जैदी अपनी एक कविता में बता चुका है कि ‘तंबाकू के नशे में आदमी दुनिया की चाल भूल जाता है.’ इस दुनिया की चाल भूलने के लिए मुझे निकोटिन चाहिए। दिन भर के अत्याचारियों तानाशाहों हत्यारों से लड़ने के लिए जब मुझे कोई उपाय नहीं सूझता तो मैं निकोटिन को खोजता हूँ और फिर रात को जब दिन भर की तमाम वारदात मेरे चारों ओर काले धब्बों की शक्ल में मुझे घेर लेती हैं तो लगता है कि मुझे रात का निकोटिन चाहिए। सच तो यह है कि जिन चीज़ों के बल पर मैं आज तक चलता चला आया हूँ उनमें किसी न किसी तरह का निकोटिन मौजूद रहा।
निकोटिन
अपने शरीर को रफ़्तार देने के लिए सुबह-सुबह मेरा रक्त निकोटिन को पुकारता है। अर्द्ध-निमीलित आँखें निकोटिन की उम्मीद में पूरी तरह खुल जाती हैं। अपने अस्तित्व और अतीत से यही आवाज़ आती है कि निकोटिन के कितने ही अनुभव तुम्हारे भीतर सोये हुए हैं। सुबह की हवा ख़ाली पेट ऊपर धुला हुआ आसमान जो अभी गंदा नहीं हुआ है। बचपन के उस पत्थर की याद जिस पर बैठ कर मैंने पहली बीड़ी सुलगायी थी और देह में दस्तक देता हुआ महीन मांसल निकोटिन। जीवन के पहले प्रेम जैसे स्पंदन और धुआँ उड़ाने के लिए सामने खुलती हुई दुनिया। डॉक्टर कई बार मना कर चुके हैं कि अब आपको दिल का ख़याल रखना ही होगा और मेरी बेटी बार-बार आकर गुस्से में मेरी सिगरेट बुझा देती है। लेकिन इससे क्या। मेरे सामने एक भयंकर दिन है और पिछले दिन की बुरी ख़बरें देख कर लगता है कि यह दिन भी कोई बेहतर नहीं होने जा रहा है और उससे लड़ने के लिए मैं सोचता हूँ मुझे निकोटिन चाहिए। मुझे पता है हिंदी का एक कवि असद जैदी अपनी एक कविता में बता चुका है कि ‘तंबाकू के नशे में आदमी दुनिया की चाल भूल जाता है.’ इस दुनिया की चाल भूलने के लिए मुझे निकोटिन चाहिए। दिन भर के अत्याचारियों तानाशाहों हत्यारों से लड़ने के लिए जब मुझे कोई उपाय नहीं सूझता तो मैं निकोटिन को खोजता हूँ और फिर रात को जब दिन भर की तमाम वारदात मेरे चारों ओर काले धब्बों की शक्ल में मुझे घेर लेती हैं तो लगता है कि मुझे रात का निकोटिन चाहिए। सच तो यह है कि जिन चीज़ों के बल पर मैं आज तक चलता चला आया हूँ उनमें किसी न किसी तरह का निकोटिन मौजूद रहा।
निर्वात
प्रेम का कोई दूसरा पक्ष नहीं होता। वह एक ऐसा सिक्का है जिसका कोई दूसरा पहलू नहीं है। उसके दूसरी तरफ सिर्फ़ एक ख़ला होती है। प्रेम की ताली बजने के लिए दूसरे हाथ की ज़रूरत नहीं होती। वह एक निर्वात के शाश्वत में बोला गया एक अंतहीन वाक्य है जिसकी कोई प्रतिध्वनि नहीं सुनाई देती। जब कभी अर्द्ध-विराम आते हैं या ख़ामोशियाँ और दरारें दिखती हैं जिनसे बाहर कभी पिघलती हुई बर्फ या पेड़ों से गिरे हुए पत्ते दूर जाता हुआ चंद्रमा या अपने को समेटता हुआ सूरज दिख जाता है तभी पता चलता है कि यह प्रेम है। संसार में सभी प्रेम इसीलिए त्रासदी साबित हुए कि उन्हें उस निर्वात के बाहर जाकर कह दिया गया। इसीलिए मैंने एक स्त्री से कहा कि अगर मैं तुमसे प्रेम करता हूँ तो मैं कभी नहीं चाहूँगा कि तुम मुझसे और ख़ुद से यह कहो जैसे मैं ख़ुद से नहीं कहना चाहूँगा कि तुम मुझसे प्रेम करती हो क्योंकि यह हर चीज़ का अंत होगा। यह हमारे बीच बड़ा समझौता था जिसमें प्रेम की अतल गहराई थी और यही एक उपाय था दोनों के बचे रहने का और प्रेम के बचे रहने का।
रेल में सात कविताएँ
रेल
प्लेटफॉर्म छोड़ कर
आगे बढ़ती है
प्लेटफ़ॉर्म लोगों की तरह है
छूटे हुए खाली उदास
अपने उजाले में अकेले
सिहरते हुए
कोई नहीं जाता
रेल के साथ
चलती है सिर्फ़ रात
लोहे की तरह है यह रात
हम इस लोहे के भीतर
लेते हैं साँस।
(2)
रेल की खिड़की से
मैं आसमान देखता हूँ
जो दूर जाकर पृथ्वी से मिल गया है
वहाँ सो रहे हैं
दिनभर के थके हुए पक्षी
वहाँ सो रहे हैं हारे हुए लोग
वहाँ फैला हुआ है
पृथ्वी का अनंत दुख
रेल में एक बच्चा झपकी लेता है
माँ के दूध का सपना
देखता हुआ
एक बूढ़ा आँखें मूँद कर
सोचता है
मौत एक रेल की तरह है
मुझे ले जाती हुई
चेहरा झुकाये एक लड़की
किताब पढ़ती है गुमसुम
उसकी किताब के पन्नों से गुज़रती है
रेल जैसे आँसू की लकीर
नींद जैसे एक बियाबान में
रेल सीटी देती है
समय बीत रहा है
समय बीत जाएगा
चीज़ों को पीछे छोड़ते हुए।
(3)
नीचे देखने पर मुझे
अपनी छाया दिखाई देती है ज़मीन पर
यह मुझसे दुगुनी है
और बैठी है बिना साँस लिये
इससे कोई बात करना व्यर्थ है
जवाब के लिए यह हमेशा
देखती है मेरी ओर
दूसरी छायाओं से इसका कोई संबंध नहीं
यह इतनी दूर बैठी है
फिर भी मुझमें लिपटी है बेतरह
सिर्फ़ इसके और मेरे बीच
जब पेड़ और पुल प्रवेश करते हैं
तब यह छितराती है
और बन जाती है
किसी दूसरे आदमी की छाया।
(4)
कितनी सारी नदियाँ हैं
जिन्हें मैं नहीं जानता
और पुल
जिन पर मैं नहीं चला
कितना सारा पानी है
जिसे मैंने नहीं छुआ
अब यह सब
पड़ता है मेरे रास्ते में।
(5)
एकाएक आसमान में
एक तारा दिखाई देता है
हम दोनों साथ-साथ
जा रहे हैं अँधेरे में
वह तारा और मैं।
(6)
यह वह जगह है
जहाँ बार-बार रेल आकर रुकती है
और धुआँ छोड़ती है कुछ देर
यह वह जगह है
जहाँ हम जवान हुए थे एक दिन ।
(7)
मैंने एक दृश्य देखा
जिसमें एक ख़ामोश नदी थी
और कुछ झाड़ियाँ थीं
नदी को घेरे हुए
मैंने उसे देखा और
मैं अभिभूत हुआ
ओ दृश्य मैं तुझे याद रखूँगा
हमेशा
कि मैं अभिभूत हुआ।
Nicotine
To speed up the body my blood calls out for nicotine early in the morning. My half-shut eyes open wide in the hope of nicotine. A constant voice arising from within my being and my past says Many nicotine experiences are sleeping inside you. The morning breeze the empty stomach the washed sky overhead not yet gone grubby. The memory of that boulder on which I lit my first beedi and the subtle sensuous nicotine. Sensations like those of first love and the world opening up before my eyes to blow puffs of smoke into. Doctors have forbidden it again and again and said Now you must care for your heart. My daughter often comes over and angrily stubs out my cigarette. So what? A dreadful day confronts me and watching the previous day’s bad news makes me feel that even this day is not going to be any better. And to survive it I think I need nicotine. In one of his poems the Hindi poet Asad Zaidi said Intoxicated by tobacco man forgets the ways of the world. In order to forget how the world moves I too need nicotine. When I can’t think of any way to fight the long day’s tyrants dictators assassins I look for nicotine and at night when all of the day’s disasters in the guise of black smudges hem me in I feel like having the night’s nicotine. Truth be told everything on the strength of which I’ve been moving on and on has had nicotine of some kind in it.
Vacuum
Love does not have any other side. It’s a coin with no other face. On its other side there’s only an emptiness. To sound the clap of love no second hand is needed. Spoken in the eternity of a vacuum it is an endless sentence with no audible echo. When you encounter commas, when silences and cracks appear, revealing glimpses of thawing snow or leaves fallen from a tree, the moon retreating or the sun collecting itself, only then do you know that it’s love. All of the world’s love affairs ended in tragedy because they were voiced outside this vacuum. That is why I said to a woman, If I love you, then I would never want you to say that to me or to yourself, just as I would not want to say to myself that you love me, because that would be the end of everything. This was a major covenant between us. As unfathomable as love, it was the only recourse to save us both and to save love itself.
Seven Train Poems
The train
leaves the platform
and moves on
The platform is like people
abandoned empty gloomy
quivering in their own light
all alone
nobody goes
with the train
only the night glides along
this night is like iron
we breathe
inside this iron
2
From the train window
I see the sky
which meets the earth far away
there sleep the birds
exhausted from flying all day
there sleep the defeated
there spreads
the earth’s infinite sorrow
a child on the train
takes a nap
dreaming about
mother’s milk
an old man eyes closed
thinks
Death is like a train
carrying me
Head bent a girl
reads a book quietly
a line of tears passes like a train
across the pages of her book
in a wilderness like sleep
the train whistles
time is passing
time will pass
leaving things behind
3
When I look down
I see my shadow on the ground
it is twice my size
and sits holding its breath
talking to it is futile
it always looks to me
for an answer
it has nothing to do
with other shadows
it is sitting so far away
yet wraps me firmly
only when a tree and a bridge
enter between us
does it disperse
and become
the shadow of another
4
There are so many rivers
I don’t know
and bridges
I haven’t walked over
so much water
I haven’t touched
now all of this
falls on my way
5
Suddenly in the sky
a star appears
both of us
are heading into darkness
the star and I
6
This is where
the train stops again and again
and lets out smoke for a while
this is where
we came of age one day
7
I saw a scene
with a silent river
and a clump of bushes
surrounding the river
I saw it and
was captivated
O Scene I will remember you
forever
for I was captivated
“निकोटिन,” “निर्वात,” and “रेल में सात कविताएँ” from सेतु समग्र कविता. Noida (Uttar Pradesh): Setu Prakashan, 2021.
Image by Antonio Carrau.
Mangalesh Dabral was a renowned poet, translator, essayist and journalist. He authored four books of prose and seven books of poems in Hindi, including Hum Jo Dekhte Hain (What We See), for which he received the Sahitya Akademi Award. Dabral’s poetry has been translated in all major Indian languages and several foreign languages, including English, Russian, German, Dutch, Spanish, Portuguese, Italian, French, Polish and Bulgarian. He translated the Booker Prize-winning author Arundhati Roy’s The Ministry of Utmost Happiness to Hindi as Apaar Khushi Ka Gharana.
Sarabjeet Garcha is a poet, editor, and translator. He is the author of four books of poems, as well as a volume each of translated poetry and translated prose. He has translated several American poets into Hindi and several Indian poets into English. He received a Fellowship for Outstanding Artists from the Government of India in 2013 and the International Publishing Fellowship from the British Council in 2022. He is the founder and editorial director of Copper Coin (www.coppercoin.co.in), a multilingual publishing company.